
पूर्णिया, 18 जनवरी (राजेश कुमार झा) अंशुल कुमार जिला पदाधिकारी पूर्णिया द्वारा सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आदेश जारी किया गया है कि बिहार सरकार के सात निश्चय-03 अंतर्गत सातवें निश्चय ‘ सबका सम्मान-जीवन आसान ‘(Ease of living) अंतर्गत आम नागरिकों के दैनिक जीवन में परिलक्षित समस्या को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाने के दृष्टिगत जिलांतर्गत आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े.

इस के लिए निम्न व्यवस्थाएं के साथ सुनवाई करने का आदेश दिया गया है.(1) प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस (सोमवार एवं शुक्रवार) ग्राम पंचायत,थाना,अंचल, प्रखंड,अनुमंडल एवं जिला के सभी सरकारी कार्यालयों में आम लोगों की शिकायतों की निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी अपने निर्धारित कार्यस्थल एवं कार्यालय कक्ष में मिलेंगे.(2)सभी संबंधित पदाधिकारी उक्त वर्णित कार्य दिवस को कार्यालय में उपस्थित होकर आम नागरिकों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनते हुए प्राप्त शिकायत के त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक कारवाई करेंगे.(3) यदि संबंधित पदाधिकारी निर्धारित दिवस यथा सोमवार एवं शुक्रवार को अपरिहार्य कारणवश कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं तो ऐसी स्थिति में अपने स्थान पर किसी अन्य पदाधिकारी को कार्यक्रम में उपस्थित रहने हेतु प्राधिकृत करेंगे.(4) सभी संबंधित कार्यालयों में आम नागरिक के सुविधा हेतु पेयजल,शौचालय एवं बैठाने की व्यवस्था की गई है.

प्राप्त शिकायतों की पंजी संधारण एवं शिकायतों के सतत अनुश्रवण की जाएगी.नगर आयुक्त,सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी,सभी कार्यपालक अभियंता,सभी परियोजना निदेशक,सभी वरीय परियोजना अभियंता, उप महाप्रबंधक,अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी,प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी,सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी, थानाध्यक्ष,पंचायत स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित उक्त वर्णित निर्देशों का दिनांक:19 जनवरी 2026 से कार्यालय में उपस्थित होकर अनुपालन सुनिश्चित करेंगे.

