
समस्तीपुर, 24 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिले के विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन के पास रेलवे भूमि पर वर्षों से जमे अवैध अतिक्रमण पर सोमवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा। स्मारक चौक से स्टेशन तक मुख्य सड़क किनारे बनाई गई स्थायी व अस्थायी दुकानों तथा कुछ अवैध घरों को रेलवे प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हटवा दिया।

कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद प्रभारी अंचल अधिकारी अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि करीब 70 अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह पूर्व नोटिस देकर भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया था।

समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर बुलडोजर चलाया गया। हालांकि कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से ढांचे हटा लिए थे।बताया गया कि सड़क संकरी होने से यात्रियों और उगना महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी होती थी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दोबारा कब्जा करने पर सीधे एफआईआर दर्ज होगी।

