
समस्तीपुर, 24 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) भारतीय रेल के अंतर्गत कार्यरत समस्तीपुर मंडल ने यात्रियों से सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है।

मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाल के दिनों में कुछ यात्रियों द्वारा ट्रेन के पहियों से हल्का धुआँ, अधिक गर्मी या जलने की गंध महसूस होने पर उसे “आग लगना” समझ लिया जाता है, जबकि अधिकांश मामलों में यह “ब्रेक जाम” या “ब्रेक बाइंडिंग” की सामान्य यांत्रिक स्थिति होती है।अधिकारियों के अनुसार, जब ब्रेक पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाते तो पहियों से रगड़ के कारण गर्मी पैदा होती है, जिससे कभी-कभी हल्का धुआँ या गंध आ सकती है।

यह ठीक वैसा ही है जैसे वाहन में ब्रेक दबे रह जाने पर डिस्क गर्म हो जाती है, पर आग नहीं लगती।मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में घबराएँ नहीं, न ही चलती ट्रेन से कूदने जैसी खतरनाक कोशिश करें। तुरंत लोको पायलट, गार्ड या ऑनबोर्ड स्टाफ को सूचना दें। अधिकारियों ने कहा, अफवाह से बचें—संयम ही सुरक्षित यात्रा की गारंटी है।

