नई दिल्ली, 05 नवंबर (अशोक “अश्क”) भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद का चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 9,48,202 वोट (50.6 प्रतिशत) हासिल किए और रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा तथा निर्दलीय उम्मीदवार और न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को मात दी। इस जीत के साथ ही 34 वर्षीय ममदानी न्यूयॉर्क शहर के पहले मुस्लिम मेयर और एक सदी में सबसे कम उम्र के मेयर बन गए हैं।

अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद ममदानी ने कहा कि न्यूयॉर्क ने “एक राजनीतिक वंश को उखाड़ फेंका” है। विजय भाषण में उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का उल्लेख करते हुए कहा, “आज न्यूयॉर्क ने पुराने से नए युग में कदम रखा है। हम उस राजनीति को पलट रहे हैं जो सिर्फ कुछ गिने-चुने लोगों की सेवा करती थी।”
ममदानी ने आगे कहा, “हम इसलिए जीते क्योंकि न्यूयॉर्कवासियों ने यह विश्वास किया कि असंभव को संभव बनाया जा सकता है। अब राजनीति हमारे ऊपर थोपी जाने वाली चीज नहीं रहेगी, बल्कि वह कुछ होगी जिसे हम खुद करेंगे।” उन्होंने नेहरू के प्रसिद्ध शब्दों को उद्धृत करते हुए कहा, “इतिहास में कभी-कभी ऐसा क्षण आता है जब एक युग समाप्त होता है और किसी राष्ट्र की लंबे समय से दबाई गई आत्मा को अभिव्यक्ति मिलती है। आज रात हमने पुराने से नए युग में कदम रख लिया है।”
विजय समारोह के दौरान माहौल बेहद उत्साहपूर्ण था। मंच पर जोहरान ममदानी अपनी पत्नी रमा दुवाजी और मां, प्रसिद्ध फिल्मनिर्माता मीरा नायर के साथ पहुंचे। जैसे ही उन्होंने जनता को संबोधित किया, पृष्ठभूमि में बॉलीवुड फिल्म ‘धूम’ का लोकप्रिय गीत ‘धूम मचाले’ गूंज उठा।
अपनी जीत के बाद ममदानी ने सोशल मीडिया X पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें सिटी हॉल में न्यूयॉर्क मेट्रो का गेट खुलता हुआ दिखाई देता है और दीवार पर लिखा होता है—“Zohraan for New York City”। यह दृश्य उनकी नई यात्रा की प्रतीकात्मक घोषणा जैसा था।
ममदानी की जीत को प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए गर्व का क्षण बताया जा रहा है, जिसने अमेरिकी राजनीति में नई दिशा और प्रतिनिधित्व का द्वार खोल दिया है।

