नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि चीन ने भारत की सीमा के बेहद करीब नए एयर डिफेंस कॉम्प्लेक्स बनाए हैं। तिब्बत के गार काउंटी और पांगोंग झील के पूर्वी किनारे पर बन रहे ये ठिकाने भारत के लिए नई सुरक्षा चुनौती साबित हो सकते हैं। इनमें स्लाइडिंग छत वाले मिसाइल लॉन्च बंकर हैं, जिनमें लंबी दूरी के HQ-9 सरफेस-टू-एयर मिसाइल (SAM) सिस्टम तैनात किए जा सकते हैं।

अमेरिकी कंपनी ऑलसोर्स एनालिसिस (ASA) और वैंटर स्पेस इंटेलिजेंस की ताज़ा रिपोर्ट्स के अनुसार, गार काउंटी का यह केंद्र वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) से मात्र 65 किलोमीटर दूर है और भारत के न्योमा एयरफील्ड के ठीक सामने स्थित है। जुलाई से यहां तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। तस्वीरों में कमांड एंड कंट्रोल बिल्डिंग, रडार स्टेशन, हथियार भंडारण और बैरक जैसी संरचनाएं स्पष्ट दिखाई दी हैं।
सबसे खास बात इन बंकरों की स्लाइडिंग छतें हैं, जो ट्रांसपोर्टर इरेक्टर लॉन्चर (TEL) वाहनों को छिपाने और किसी भी हमले से बचाने के लिए बनाई गई हैं। इन छतों के खुलते ही मिसाइल लॉन्चर सीधा दागे जा सकते हैं, जिससे दुश्मन की निगाहों से सिस्टम छिपा रहेगा। विश्लेषकों का कहना है कि ये ठिकाने चीन की हवाई रक्षा को मजबूत करने और भारत पर रणनीतिक दबाव बढ़ाने के उद्देश्य से बनाए जा रहे हैं।
पांगोंग झील के पूर्वी छोर पर भी ऐसा ही एक कॉम्प्लेक्स तैयार हो रहा है, जो 2020 की भारत-चीन झड़पों वाले इलाके से केवल 110 किलोमीटर दूर है। वैंटर की 29 सितंबर की तस्वीरों में यहां भी दो वाहनों की क्षमता वाले लॉन्च बे और खिसकने वाली छतें साफ दिखाई दीं।
सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, ये बंकर भारत-तिब्बत सीमा पर पहली बार देखे गए हैं, हालांकि चीन ने दक्षिण चीन सागर के विवादित द्वीपों पर पहले ऐसी संरचनाएं बनाई थीं। विशेषज्ञों ने चेताया है कि यह विकास चीन की सीमा रक्षा को और आक्रामक बना रहा है। भारत को अब अपनी निगरानी और जवाबी तैयारियां और मजबूत करनी होगी।

