नई दिल्ली, 29 सितम्बर (अशोक “अश्क”) भारत और भूटान के बीच रेल कनेक्टिविटी को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट भूटान के दो प्रमुख शहरों गेलफु और साम्ट्से को भारतीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगा। गेलफु को “माइंडफुलनेस सिटी” के रूप में और साम्ट्से को एक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

रेल मंत्री के अनुसार, यह रेलवे लाइन भारत में कोकराझार और बनारहट से शुरू होगी और लगभग 89 किलोमीटर लंबी होगी। इसके निर्माण पर अनुमानित लागत करीब 4033 करोड़ रुपये होगी, जिसका पूरा निवेश भारत सरकार करेगी।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत, भूटान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, और भूटान का अधिकतर निर्यात-आयात भारतीय बंदरगाहों से होता है। ऐसे में यह प्रोजेक्ट व्यापार, औद्योगिक विकास और पर्यटन को बढ़ावा देगा, साथ ही दोनों देशों के सामाजिक और आर्थिक संबंधों को भी मजबूत करेगा।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में कोच निर्माण से लेकर तकनीकी विशेषज्ञता तक, सभी पहलू पूरी तरह से भारत में विकसित होंगे।

