
नई दिल्ली, 27 जनवरी (अशोक “अश्क”) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया एनर्जी वीक-2026 को संबोधित करते हुए भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए बड़े फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह समझौता दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक है और इसका सीधा फायदा भारत के उद्योग, ऊर्जा क्षेत्र और आम लोगों को मिलेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि यह डील भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करेगी और सर्विस सेक्टर को नया सहारा देगी।पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। भारत नवीकरणीय ऊर्जा, तेल और गैस जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया के कई देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुधारों की वजह से निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और रोजगार के नए मौके बन रहे हैं।प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत-EU FTA भारत और ब्रिटेन के बीच पिछले साल हुए ट्रेड एग्रीमेंट को भी मजबूती देगा।

इससे यूरोप के साथ भारत का व्यापार और मजबूत होगा। सरकार का मानना है कि इससे निवेश, रोजगार और तकनीकी सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।गोवा में इंडिया एनर्जी वीक का उद्घाटन केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने किया। कार्यक्रम में देशों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल हुए।

