गोपालगंज, 28 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के बैकुंठपुर प्रखंड के डुमरियाघाट में सोमवार की रात लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भास्कर महोत्सव का आयोजन किया। महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों ने देर रात तक कार्यक्रम में समां बांधे रखा।

कार्यक्रम की शुरुआत भास्कर आराधना से हुई,उसके बाद छठी मईया की महिमा मंडित करते हुए एक से बढ़कर एक भोजपुरी लोकगीतों से श्रद्धालु मंत्र मुग्ध होते रहे। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-नन्हें कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दी। लोक गायिका शारदा सिन्हा की भोजपुरी लोकगीतों की धुन नारायणी नदी के तट पर देर रात तक गूंजती रही। भक्ति भावना में श्रद्धालु डूबते-उतराते रहे। इस दौरान 6 नवंबर को होने वाली विधानसभा चुनाव को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने से संबंधित गीत कलाकारों ने गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी ग्रामीणों को मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीएम पवन कुमार, एसपी अवधेश कुमार दीक्षित, डीडीसी निशांत विवेक,अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय,एसडीओ अनिल कुमार,एसडीपीओ राजेश कुमार,सीओ गौतम कुमार सिंह,जिला कोषागार पदाधिकारी, डीडीसी,सिधवलिया सीओ, महम्मदपुर थानाध्यक्ष सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।

