
पटना, 12 मार्च (अविनाश कुमार) बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गुरुवार को स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग की अहम एजेंसी (BMSICL) के डीजीएम (प्रोजेक्ट्स) पंकज कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया।जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एसवीयू की टीम राजधानी पटना के कदमकुआं स्थित कनिका मैहर अपार्टमेंट पहुंची, जहां पंकज कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं।

टीम के अचानक पहुंचने से इलाके में हलचल मच गई। अधिकारियों ने फ्लैट का दरवाजा खुलवाकर अंदर और बाहर सुरक्षा घेरा बना लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े कागजात की जांच की गई।जांच एजेंसी के अनुसार, पंकज कुमार पिछले करीब 11 वर्षों से सरकारी सेवा में हैं। इस दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। एसवीयू ने उनके खिलाफ केस नंबर 10/2026 दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 96 लाख 46 हजार 666 रुपये की अवैध चल और अचल संपत्ति जुटाई।

यह रकम उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 73 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।छापेमारी के दौरान अधिकारियों को कई चौंकाने वाले सुराग भी मिले हैं। तलाशी में घर से नकदी, सोने-चांदी के गहने और जमीन-जायदाद से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कई प्लॉट और फ्लैट में निवेश से संबंधित कागजात भी जब्त किए गए हैं।जांच के दौरान अलग-अलग बैंक खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट में बड़ी रकम जमा होने के प्रमाण भी सामने आए हैं। फिलहाल एसवीयू की टीम बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े कागजात की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

