पटना, 30 अक्तूबर (पटना डेस्क) आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता विनोद कुमार राय के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला BNS 2023 और RBI Act 1934 सहित कई धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। अभियंता की पत्नी बबली राय भी प्राथमिक अभियुक्त हैं और फिलहाल फरार चल रही हैं। EOU अब उनके विरुद्ध कुर्की और इश्तहार जारी करने की तैयारी कर रही है।
इसके साथ ही, अभियंता राय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का एक अलग मामला भी दर्ज है। यह प्राथमिकी 10 सितंबर को दायर की गई थी, जिसकी जांच अभी जारी है।

गौरतलब है कि 22 अगस्त 2025 को आय से अधिक संपत्ति मामले में मधुबनी में तैनात अभियंता विनोद कुमार राय को पटना के अगमकुआं से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान उनके घर से 40 लाख रुपये नकद, करोड़ों रुपये की संपत्ति के दस्तावेज, सोने-चांदी के जेवर और कीमती घड़ियाँ बरामद हुई थीं।
जांच में खुलासा हुआ कि नकदी शौचालय, पानी की टंकी और रसोई के अपशिष्ट पाइप में छिपाई गई थी। छापेमारी के दौरान अभियंता की पत्नी ने टीम को देर रात तक घर में प्रवेश नहीं करने दिया। इसी बीच, उन्होंने लाखों रुपये के नोट बाथरूम में जलाकर शौचालय में बहा दिए। बाद में शेष 40 लाख रुपये को पॉलिथीन में भरकर पानी की टंकी में छिपाया गया था।
सुबह नगर निगम और FSL टीम की मौजूदगी में शौचालय से अधजले नोट बरामद किए गए। EOU ने बरामद नोटों और संपत्तियों की जांच जारी रखी है।

