
गोपालगंज, 25 दिसम्बर (निज संवाददाता) बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग एवं परिवहन विभाग के मंत्री श्रवण कुमार गुरुवार को गोपालगंज पहुंचे।जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उन्होंने दोनों विभागों से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक से पूर्व प्रभारी जिला पदाधिकारी कुमार निशांत विवेक ने मंत्री को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने सबसे पहले ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण),मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सहायता योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल रहीं। मंत्री ने आवास योजनाओं के अंतर्गत लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने का स्पष्ट निर्देश दिया, ताकि लाभुकों को समय पर आवास का लाभ मिल सके।

मंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मियों से विभागीय कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने की बात कही।बैठक में डीआरडीए निदेशक राकेश कुमार चौबे,बरौली विधायक मंजित सिंह,हथुआ विधायक रामसेवक सिंह सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।-जनप्रतिनिधियों से समन्वय पर दिया जोरसमीक्षा के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक में मनरेगा अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रगति, मानव दिवस सृजन, वृक्षारोपण तथा स्वच्छता अभियान से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

मंत्री ने मनरेगा में कार्य की मांग प्राप्त होने पर उसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।-परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण की समीक्षापरिवहन विभाग की समीक्षा के क्रम में मंत्री ने राजस्व संग्रहण की स्थिति पर चर्चा की और इसमें सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग से जुड़े लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का भी आदेश दिया।

