
समस्तीपुर, 24 दिसम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर में मछुआ कल्याण को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। मंगलवार को समाहरणालय परिसर में राज्य योजनांतर्गत मछुआ कल्याण योजना के तहत 25 मत्स्य विपणन किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सह दिशा समिति के सह-अध्यक्ष, विधान पार्षद तरुण कुमार और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से लाभुक मछुआरों को किट सौंपे।

इस दौरान मछुआरों में खासा उत्साह देखने को मिला।अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य लघु मत्स्य कृषकों की आय में वृद्धि करना, शिकारमाही की लागत कम करना और मछलियों को सीधे बाजार तक पहुंचाना है। इससे बिचौलियों पर निर्भरता घटेगी और उपभोक्ताओं को ताजी मछली आसानी से उपलब्ध होगी। मत्स्य विपणन किट के माध्यम से मछलियों को अधिक समय तक सुरक्षित, ताजा और स्वच्छ स्थिति में रखा जा सकेगा।जिला मत्स्य पदाधिकारी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने समस्तीपुर जिले को कुल 60 मत्स्य विपणन किट का लक्ष्य दिया है।

प्रत्येक किट में फेंका जाल, गिल नेट, हॉडी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और इंसुलेटेड आइस बॉक्स शामिल है। यह पूरी योजना शत-प्रतिशत सरकारी अनुदान पर आधारित है, यानी लाभुकों को यह किट पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जा रही है।अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शेष किट का वितरण भी शीघ्र किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह योजना मछुआ परिवारों की आजीविका मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

