पटना, 22 नवम्बर (पटना डेस्क) शुक्रवार को मधुबनी जिले के नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां लोजपा (रामविलास) नेता की थार वाहन की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लहेरियागंज स्थित तुरहा दलान के पास हुआ। मृतक की पहचान जितेंद्र शाह के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि लोजपा (रामविलास) नेता पप्पू पासवान की तेज रफ्तार थार से कुचलने के कारण युवक की मौत हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
मामले में तत्पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पप्पू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे में इस्तेमाल थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
परिजनों ने बताया कि जितेंद्र शाह एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। खाना खाकर वह घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार थार ने जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर है।

