
समस्तीपुर, 21 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर समस्तीपुर जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में केंद्र सरकार के खिलाफ विशाल प्रतिरोध मार्च एवं प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन केंद्र द्वारा मनरेगा को निरस्त करने के लिए लाए गए कथित विधेयक और योजना से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने की साजिश के विरोध में आयोजित हुआ।

मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां यह एक जनसभा में तब्दील हो गया। मार्च का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मो. अबू तमीम ने किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा देश के गरीब, मजदूर और ग्रामीण जनता की जीवनरेखा है, इसे समाप्त करना जनविरोधी सोच का परिचायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी जी का नाम हटाना उनके विचारों को मिटाने का षड्यंत्र है। कांग्रेस इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने मनरेगा को कमजोर करने की कोशिश जारी रखी तो कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन तेज करेगी। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिला अधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। प्रदर्शन में कांग्रेस, एनएसयूआई व अन्य संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

