
समस्तीपुर, 10 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) कांग्रेस ज़िला कार्यालय, समस्तीपुर में शुक्रवार को मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेस को संबोधित करते हुए कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष अबू तमीम ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नाम को मनरेगा योजना से हटाने की कोशिश न केवल राष्ट्रपिता का अपमान है, बल्कि यह गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण भारत की आत्मा पर सीधा प्रहार है। गांधी के ग्राम स्वराज, आत्मनिर्भरता और श्रम की गरिमा के विचारों का जीवंत रूप मनरेगा है, जिसे कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।

अबू तमीम ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा की 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकारों पर डालना बिहार जैसे गरीब राज्य के साथ घोर अन्याय है, जबकि पहले राज्य का हिस्सा मात्र 10 प्रतिशत था। इससे योजना का क्रियान्वयन बाधित होगा और लाखों मजदूरों को समय पर काम व मजदूरी नहीं मिल पाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरी भुगतान में जानबूझकर देरी, कार्यदिवसों में कटौती और वित्तीय बोझ डालकर मनरेगा को धीरे-धीरे समाप्त करने की तैयारी है।उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी 10 जनवरी 2026 से 26 फरवरी 2026 तक चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी।

11 जनवरी को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक पर उपवास, 12 से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर चौपाल, 30 जनवरी को धरना, 31 जनवरी से 6 फरवरी तक ज़िला स्तरीय आंदोलन और 7 से 15 फरवरी तक विधानसभाओं का घेराव किया जाएगा। 16 से 26 फरवरी के बीच देशभर में क्षेत्रीय रैलियां होंगी।

