
पटना, 25 दिसम्बर (सेंट्रल डेस्क) पटना के मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय एवं अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान चाय दुकान की आड़ में चल रहे अवैध नशे के कारोबार का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने इसके तहत कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में स्मैक,चरस,हथियार,नकदी और वाहन बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पटना कार्तिकेय के. शर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया कि मनेर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा चाय की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री किए जाने तथा बड़ी डीलिंग की तैयारी की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के मार्गदर्शन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर चिन्हित स्थल पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दुकानों एवं आवासीय परिसर से 545 ग्राम स्मैक, 558 ग्राम चरस, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक पिस्टल मैगजीन, 21.5 लीटर विदेशी शराब, 12 लाख 16 हजार रुपये नगद, तीन एटीएम कार्ड, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 413 ग्राम चांदी जैसा बिस्कुट, 24.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।

इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। कार्रवाई के दौरान मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी निशानदेही पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े चार अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि यह तस्करी नेटवर्क अंतर्राष्ट्रीय एवं अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय है। पुलिस द्वारा मामले की अग्रतर विधिसम्मत जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ गिरफ्तार छह लोगों पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध पटना पुलिस की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।

