बक्सर, 06 दिसम्बर (विक्रांत) चौसा नगर पंचायत स्थित चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन कार्यालय में बुधवार को भारतीय संविधान के शिल्पकार और मानवाधिकारों के महान अग्रदूत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के महामंत्री एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने की।

उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें स्मरण किया।डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रसार के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उन्होंने कहा, “बाबा साहब ने शोषित-वंचित वर्ग को आवाज़ दी और आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। वे केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और महिला अधिकारों के प्रबल पैरोकार थे।” उन्होंने उपस्थित लोगों से बाबा साहब के सिद्धांतों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आग्रह किया।समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। प्रमुख उपस्थित लोगों में लालजी राम, विनोद कुमार यादव, तेजनारायण यादव, श्रीभगवान राम, संजय राम, बबलू पाल, हवलदार चौधरी, सुनील कुमार राम, रामप्रवेश राजभर, काशीनाथ गुप्ता, वीरेंद्र राम, सदानंद राम, विजय राम, दिलबहार पासी, भरत पाण्डेय, विनय कानू, मुन्ना खरवार, कन्हैया मालाकार, रमेश चौधरी, कृष्णा मालाकार, नारायण माली, गोविन्द खरवार, श्रीमान नारायण पाण्डेय, बनारसी माली और शिवजी चौधरी सहित कई सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

