
समस्तीपुर, 16 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) महाशिवरात्रि के दूसरे दिन शहर के कृष्णा टॉकीज के पास भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 2000 से अधिक श्रद्धालुओं के बीच कचौड़ी, खीर और सब्जी का महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं और पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य और सच्ची इंसानियत है। जरूरतमंदों की सेवा ही वास्तविक धर्म है। उन्होंने कहा कि भारत अनेकता में एकता का प्रतीक है, जहां अलग-अलग जाति, धर्म, भाषा और वेशभूषा के बावजूद लोग एक सूत्र में बंधे हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे विभिन्न वाद्य यंत्र मिलकर मधुर संगीत रचते हैं, वैसे ही विविधताओं से भरा भारत एकता की मिसाल कायम करता है। महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के पर्व में शामिल होना हमारी गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान है। आयोजन में स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

