गोपालगंज, 03 नवम्बर (निज संवाददाता) जिले के थावे थाना क्षेत्र के लक्षवार दुर्गा मंदिर के समीप से गिरफ्तार महिला शराब तस्कर की एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शराब के साथ गिरफ्तार मोतिहारी जिले की महिला तस्कर ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट से भागने की कोशिश की। लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा देर नहीं चली। सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे कुछ ही मिनटों में दबोच लिया।

बता दें कि थावे थाना पुलिस ने रविवार को थाने के लक्षवार दुर्गा मंदिर परिसर से 7 लीटर शराब के साथ पूर्वी चंपारण के कोटवा बाजार निवासी बंका राम की पत्नी महिला तस्कर गीता देवी को शराब के साथ गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से शराब तस्करी में लिप्त थी। सोमवार को जब उसे न्यायालय में पेश किया गया,तो उसने मौके का फायदा उठाकर शहर में भागने की कोशिश की। वह न्यायालय से नगर थाने की तरफ भाग रही थी। उसके भागते समय पीछे से पुलिस और पब्लिक की भीड़ लगी थी। लेकिन शराब तस्कर को रास्ते की जानकारी नही होने के कारण वह मार्केट में घुस कर पुलिस के हत्थे चढ़ गई।
पुलिसकर्मियों की सतर्कता से उसकी योजना विफल हो गई।महिला तस्कर को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय में पेशी के दौरान उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जवानों ने तत्परता से पकड़ लिया। मामले में फरारी प्रयास की अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जा रही हैं। पुलिस अब इस महिला तस्कर से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके तार शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं।

