
पटना, 31 जनवरी (अविनाश कुमार) बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जमीन माफिया और उनसे मिले भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। अपने बेबाक और आक्रामक अंदाज में उन्होंने साफ कहा कि वह माफियाओं का काल बनकर निकले हैं और सिर पर कफन बांधकर इस लड़ाई में उतरे हैं। किसी भी दबाव, धमकी या विरोध के आगे झुकने का सवाल ही नहीं है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में चल रही कार्रवाई को लेकर मीडिया से बातचीत में विजय सिन्हा ने कहा कि उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन अपराधियों और माफियाओं से लड़ते हुए शुरू किया था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि “पक्के इरादे और साहस के सामने कोई बाधा नहीं टिकती।” यही विचार आज भी उन्हें जनता के अधिकारों के लिए लड़ने की ताकत देता है।डिप्टी सीएम ने दो टूक कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी जमीन माफिया के खिलाफ कार्रवाई को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, वे असल में दलालों और बिचौलियों के हित में काम कर रहे हैं। ईमानदार अधिकारी इस अभियान के साथ खड़े हैं, जबकि भ्रष्ट सिस्टम पर पलने वाले लोग इसका विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी। भूमि सुधार जन संवाद कार्यक्रम के दौरान एक सर्किल ऑफिसर के निलंबन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मोबाइल चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे पुख्ता सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि बदलाव चाहने वाले लोग इस संघर्ष को समझते हैं, लेकिन दलालों से जुड़े लोग नाराज हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिना जांच किसी पर कार्रवाई नहीं होगी, पर दोषी चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

