
बक्सर, 25 जनवरी (विक्रांत) जिले में विगत वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए 25 जनवरी 2026 को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “My India My Vote – मै भारत हूँ” रही। कार्यक्रम के दौरान भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त, नई दिल्ली का प्रेरक वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई और नव मतदाताओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व से अवगत कराया।अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 12,90,379 है, जिसमें 6,09,336 महिलाएं और 6,81,027 पुरुष मतदाता शामिल हैं।

नव पंजीकृत 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 26,346 है। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में जिले का कुल मतदान प्रतिशत 61.97 रहा, जिसमें महिला मतदाताओं की भागीदारी 63.17 प्रतिशत दर्ज की गई।इस अवसर पर निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 03 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 04 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 05 बीएलओ/सुपरवाइजर, 08 डाटा एंट्री ऑपरेटर, 02 स्वीप आइकॉन, 01 कार्यालय परिचारी एवं 13 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

नव पंजीकृत मतदाताओं को ईपिक कार्ड और बैज भी प्रदान किए गए।अपर समाहर्ता बक्सर ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

