समस्तीपुर, 06 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत सोमवार को समस्तीपुर जिला समाहरणालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्य भर की 21 लाख महिलाओं के खातों में ₹10,000 की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजना रहा। समाहरणालय सभागार से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी प्रखंडों में किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भागीदारी की। सचिव, ग्रामीण विकास विभाग ने बताया कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। रोजगार प्रारंभ करने के उपरांत महिलाओं को ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता भी मिल सकेगी।
जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त शैलजा पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। समस्तीपुर में अब तक 5,14,561 महिलाओं को लाभ मिला है, जिसमें आज ही 85,000 महिलाओं को राशि अंतरण किया गया। जिले में 2.54 लाख महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। योजना के प्रचार हेतु जागरूकता वाहन भी चलाए जा रहे हैं।

