
मुजफ्फरपुर, 18 जनवरी (अभय कुमार) बोचहां प्रखंड के ककड़ाचक गांव की रहने वाली ‘सोलर दीदी’ के नाम से मशहूर देवकी देवी को इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति भवन से विशेष निमंत्रण मिला है। भारतीय डाक विभाग के पोस्टमास्टर द्वारा यह निमंत्रण उनके घर जाकर सौंपा गया।देवकी देवी की कहानी संघर्ष, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की मिसाल है। अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ में उनके कार्यों की विस्तृत चर्चा की थी।

अब उन्हें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने का अवसर मिलने से उनका जीवन ऐतिहासिक मोड़ पर पहुंच गया है। सरकार की ओर से देवकी देवी और उनके पति के लिए पटना–दिल्ली तथा दिल्ली–पटना हवाई टिकट उपलब्ध कराए गए हैं। इस दौरान उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का भी मौका मिलेगा।देवकी देवी ने सौर ऊर्जा से चलने वाले सिंचाई पंप की शुरुआत कर अपने परिवार को आर्थिक तंगी से बाहर निकाला और अब 100 से अधिक किसानों को सस्ती सिंचाई सुविधा प्रदान कर रही हैं। शुरू में कुछ एकड़ जमीन की सिंचाई करने वाली ‘सोलर दीदी’ आज 40 एकड़ से अधिक खेतों में पानी पहुंचाती हैं।

इस सेवा से उन्हें प्रतिदिन लगभग 700–800 रुपये की आमदनी होती है।देवकी देवी कहती हैं, “पहले गांव में हमें कोई पूछता नहीं था, आज लोग मिलने आते हैं। प्रधानमंत्री से मिल चुके हैं, अब राष्ट्रपति से मिलने जा रहे हैं। कभी हवाई जहाज का सफर सपना था, अब दिल्ली जाएंगे और गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेंगे।” उनके इस संघर्ष और सफलता ने न केवल उनके गांव बल्कि पूरे प्रखंड और जिले का नाम रोशन कर दिया है।

