
बक्सर, 21 दिसंबर (विक्रांत) प्रभु यीशु के वार्षिक जन्मोत्सव को लेकर मेथोडिस्ट अस्पताल परिसर पूरी तरह सज-धज कर तैयार हो गया है। सोमवार की शाम मेथोलिक परिवार की ओर से समारोहपूर्वक प्रभु यीशु का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

इस अवसर पर अस्पताल परिसर में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जन्मोत्सव समारोह में मेथोलिक परिवार के युवक-युवतियां प्रभु यीशु के जीवन, त्याग और मानवता के संदेश पर आधारित नाटक एवं लघु नाटकों का मंचन करेंगे। साथ ही गीत, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मेथोडिस्ट अस्पताल भवन सहित आसपास का क्षेत्र आकर्षक लाइटों और सजावट से जगमगा रहा है। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव समारोह में जिले की नामचीन हस्तियों और आम लोगों को आमंत्रित किया गया है। मेथोडिस्ट मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली की कामना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि परंपरागत रूप से 25 दिसंबर को क्रिसमस डे भी मनाया जाएगा।

