पटना, 03 नवम्बर (पटना डेस्क) मोकामा विधानसभा सीट पर इस बार सियासी पारा चढ़ा हुआ है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में बंद जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह की ओर से अब प्रचार की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने संभाल ली है। सोमवार को ललन सिंह ने मोकामा में रोड शो कर मतदाताओं से मुलाकात की और अनंत सिंह को जिताने की अपील की।

सूत्रों के मुताबिक, ललन सिंह का यह रोड शो पंडारक से मोकामा तक करीब 30 किलोमीटर लंबा था। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा, “बिहार में मोदी-नीतीश की जय-जय है। पूरा बिहार एनडीए के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। हम सब नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं।”

अनंत सिंह पर लगे हत्या के आरोपों पर ललन सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह से एक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “कई वीडियो सामने आए हैं, जिससे साफ पता चलता है कि यह घटना अपने आप नहीं हुई। पुलिस जांच कर रही है, और हमें भरोसा है कि सच्चाई जल्द सामने आएगी। पुलिस से मेरी अपील है कि सभी का चेहरा उजागर किया जाए।”
राहुल गांधी के तालाब में स्नान करने के सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “वे ऐसे ही करते रहते हैं।”
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को मोकामा टाल इलाके में दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। इस मामले में जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। एक नवंबर की देर रात पटना के एसएसपी ने बाढ़ जाकर अनंत सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेज दिया था।

