पटना, 13 दिसम्बर (पटना डेस्क) पूर्वी चंपारण में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। एनएच-28ए पर अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक बैंककर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग जुट गए।

किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपराकोठी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई।यह घटना पिपराकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28ए ओवरब्रिज के पास हुई। बताया जाता है कि मुजफ्फरपुर से मोतिहारी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।मृतक की पहचान मेहसी थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय आदित्य प्रियदर्शी के रूप में हुई है। वे आरबीएल बैंक में बिहार-झारखंड प्रभारी के पद पर कार्यरत थे और विभागीय बैठक में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

