पटना, 21 नवम्बर (पटना डेस्क) मोतिहारी के दरपा थाना क्षेत्र स्थित तिनकोनी गांव में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे VIP पार्टी के नेता और रक्सौल संगठन के जिला प्रभारी कामेश्वर सहनी (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह रोज की तरह घर के बाहर हाथ-पैर धो रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाश पहुंचे और बिना कुछ कहे अंधाधुन फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से पांच गोलियां सहनी को लगीं—चार सिर में और एक छाती में। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। VIP जिला अध्यक्ष अशोक सहनी ने कहा कि कामेश्वर सहनी पार्टी के सक्रिय और कर्मठ नेता थे। हत्या के कारण का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतक के भांजे दिलीप कुमार ने बताया कि सुबह मामा वॉशरूम से निकलकर हैंडपंप पर हाथ धोने गए थे। उसी दौरान दो बाइक सवार आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से खास दुश्मनी नहीं थी। पहली नजर में यह चुनावी रंजिश का मामला प्रतीत होता है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का निर्देश दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्धों की पहचान हो गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार सहनी पर पूर्व में कई मुकदमे दर्ज थे। ऐसे में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत द्वेष या राजनीतिक विरोध—सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की तफ्तीश तेजी से जारी है।

