समस्तीपुर (अशोक “अश्क”) समस्तीपुर रेल मंडल अंतर्गत यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 27 अगस्त से ढोली और खुदीराम बोस पूसा स्टेशन पर चार ट्रेनों का प्रायोगिक तौर पर दो-दो मिनट का ठहराव देने का निर्णय लिया है। इस फैसले से स्थानीय यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

ढोली स्टेशन पर अब 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध-असम एक्सप्रेस का ठहराव होगा। यह ट्रेन दोपहर 15.54 बजे ढोली पहुंचेगी और 15.56 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं, 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध-असम एक्सप्रेस सुबह 6.53 बजे ढोली स्टेशन पहुंचेगी और 6.55 बजे रवाना हो जाएगी।

उधर, खुदीराम बोस पूसा स्टेशन पर भी दो ट्रेनों का ठहराव तय किया गया है। ट्रेन संख्या 15549 जयनगर-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 8.40 बजे खुदीराम बोस पूसा पहुंचेगी और 8.42 बजे आगे बढ़ेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 15550 पटना-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस शाम 18.17 बजे यहां रुकेगी और 18.19 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे द्वारा इन ठहरावों को फिलहाल प्रायोगिक आधार पर लागू किया गया है। यदि यात्री संख्या और प्रतिक्रिया संतोषजनक रही, तो इन ठहरावों को स्थायी रूप दिया जा सकता है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया है और इसे यात्रियों के लिए राहतदायक कदम बताया है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को यात्रा में सहूलियत मिलेगी और छोटे स्टेशनों की उपयोगिता भी बढ़ेगी।

