
पटना, 19 जनवरी (पटना डेस्क) उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक सनसनीखेज खबर ने हलचल मचा दी है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने का एलान करने का दावा किया है। यह घोषणा प्रतीक यादव के इंस्टाग्राम अकाउंट से की गई एक पोस्ट के जरिए सामने आई, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा गया कि प्रतीक यादव जल्द ही अपर्णा यादव को तलाक देने जा रहे हैं। पोस्ट में अपर्णा पर परिवार के रिश्ते खराब करने, केवल प्रसिद्धि और प्रभाव चाहने तथा प्रतीक की मानसिक स्थिति की अनदेखी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। पोस्ट में यहां तक लिखा गया कि प्रतीक खुद को इस शादी को लेकर बदकिस्मत मानते हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर नया मोड़ तब आया जब अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट ने दावा किया कि प्रतीक यादव का सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया है और यह पोस्ट किसी हैकर द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई जा रही है।

गौरतलब है कि अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। इससे पहले दोनों आठ साल तक एक-दूसरे के दोस्त रहे थे। यह शादी अपने समय की चर्चित शादियों में शुमार थी, जिसमें अनिल अंबानी और अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज शामिल हुए थे। दोनों की एक बेटी प्रथमा है।अपर्णा यादव वर्तमान में यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। तलाक की खबर के सामने आते ही प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

