बक्सर, 20 सितंबर (विक्रांत) मंडल रेल अस्पताल, दानापुर के सभाकक्ष में आज एक दिवसीय रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने स्वयं रक्तदान कर किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को रक्त दान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान न सिर्फ दूसरों के जीवन को बचाता है, बल्कि यह दानकर्ता के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी होता है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.के. मिश्रा ने बताया कि रक्तदान एक महादान है। उन्होंने कहा कि रक्त की एक बूंद किसी की जिंदगी बचा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रक्त दान से शरीर में कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह अनेक बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। इससे हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है, कैंसर का खतरा कम होता है, शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है, कैलोरी बर्न होती है और नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण बढ़ता है।

इसके अलावा, रक्त दान करने से पहले शरीर की संपूर्ण जांच होती है, जिससे HIV, हेपेटाइटिस B जैसी गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक रूप में ही पता लगाया जा सकता है।
यह शिविर मंडल रेल अस्पताल, दानापुर और मॉडल ब्लड सेंटर, जयप्रभा अस्पताल कैंपस, कंकड़बाग, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. पी.के. मिश्रा सहित कुल 25 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
इस आयोजन से यह संदेश गया कि स्वेच्छा से रक्तदान करना समाज में जीवन बचाने की एक सशक्त पहल है, जिसे हर सक्षम व्यक्ति को अपनाना चाहिए।

