
बक्सर, 4 फरवरी (विक्रांत) सड़क सुरक्षा को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का सख्त निर्देश जारी किया गया है। यह अभियान जिले के सभी शहरी व ग्रामीण इलाकों, प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।

इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश के आलोक में बक्सर शहर में “रोको-टोको अभियान” चलाया गया। अभियान के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट की विशेष रूप से सघन जांच की गई। 1 फरवरी 2026 से 3 फरवरी 2026 तक चले तीन दिवसीजीय अभियान में जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर कुल 119 वाहनों पर शमन की कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 3 लाख 21 हजार 700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना वैध कागजात, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने आमजन से नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।

