समस्तीपुर, 29 सितंबर (राजेश झा) शिवाजीनगर प्रखंड के रजौर रामभद्रपुर पंचायत स्थित रमौल गांव में सोमवार को दुर्गा पूजा प्रतियोगिता समिति द्वारा रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में कुल 64 छात्राओं ने भाग लेकर अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसने माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

प्रतियोगिता में पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह, प्रधान शिक्षक उमेश प्रसाद सिंह, सुरेश कुमार सिंह एवं प्रवेश कुमार चौधरी जैसे निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की कलात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की। दसवीं की छात्रा सरिता कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नवमी कक्षा की अंशु कुमारी दूसरे और नेहा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को 2 अक्टूबर को आयोजित सम्मान समारोह में शील्ड और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
दुर्गा पूजा समिति पिछले 50 वर्षों से पूजा का आयोजन कर रही है और इस बार चार दिवसीय मेला भी आयोजित किया गया है। मेहंदी, डांस, कुर्सी दौड़ जैसे कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए, जिसमें ग्रामीणों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

