पटना, 18 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सियासी सरगर्मी के बीच राघोपुर सीट सबसे चर्चित बनती जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को चुनौती देने के लिए अब उनके ही बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने मोर्चा खोल दिया है। तेज प्रताप ने युवा आरजेडी के पूर्व महासचिव प्रेम कुमार यादव को जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी के रूप में राघोपुर से मैदान में उतारा है।

प्रेम कुमार यादव ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल कर दिया, जबकि तेजस्वी यादव ने अपना नामांकन बुधवार को भरा था। इस सीट पर पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होगा।
तेजस्वी यादव द्वारा दाखिल हलफनामे के अनुसार, उनके पास चल और अचल संपत्ति मिलाकर करीब 8.1 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उन्होंने 85,000 रुपये मूल्य का एक डेस्कटॉप और लैपटॉप भी घोषित किया है। वहीं, उनकी पत्नी राजश्री उर्फ राचेल आइरिस गोदिन्हो के पास 1.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
राघोपुर सीट लालू परिवार की पारंपरिक सीट रही है, लेकिन अब यहां भाई बनाम भाई की सियासी जंग दिलचस्प मोड़ ले रही है। प्रेम कुमार यादव की उम्मीदवारी ने मुकाबले को त्रिकोणीय और ज्यादा रोचक बना दिया है।

