गोपालगंज, 12 सितम्बर (ऊषा मिश्रा) राज्य में आगामी 17 सितंबर से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत होंगी। यह कार्यक्रम 17 सितम्बर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 2 अक्टूबर गांधी जयंती एक पखवाड़े तक चलेंगी। इस अभियान के तहत महिलाओं किशोर व बाल की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच के लिए राज्य के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें उच्च रक्तचाप,कैंसर,एनीमिया,मधुमेह, सभी प्रकार के कैंसर व अन्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की स्क्रीनिंग शामिल होगी।

इसके अंतर्गत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों,आरोग्य मंदिर व उप स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा,त्वचा रोग तथा मनोचिकित्सा से संबंधित सभी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रत्येक शिविर में लगभग 300 मरीजों की जांच का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा रखा गया है। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के अन्तर्गत निःशुल्क चश्मे भी बांटने का प्रावधान विद्यालयों में किया जाएगा। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के साथ रक्तदान शिविर आदि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में व्यापक स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी,जहां अभियान की पूरी अवधि में प्रतिदिन 50 से 100 मरीजों की स्क्रीनिंग होगी। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य संस्थानों में पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। स्वास्थ्य परिवेश में बदलाव लाने के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने की तैयारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जा रहा है। महिला व बाल विकास विभाग की इस अभियान में सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, पोषण जागरूकता बढ़ाने और निवारक देखभाल को प्रोत्साहित के लिए पोषण अभियान और विशेष टीकाकरण सप्ताह जैसी पूरक गतिविधियां चलाई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम को व्यापक रूप से करने के लिए सभी जिलों के डीएम व सीएस को निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य केंद्रों के अलावे आईसीडीएस के पोषण अभियान के साथ मिलकर इसे सभी आंगनबाड़ी केंद्रों व विद्यालयों में भी आयोजित किया जाना है।
कार्यक्रम को ले अन्य विभागों से किया समन्वय स्थापित
उक्त कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अलावा आईसीडीएस, ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग व पंचायती राज विभाग से स्वास्थ्य विभाग समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर रहा है।

