
पूर्णिया, 16 फरवरी (राजेश कुमार झा) माननीय मुख्यमंत्री बिहार द्वारा सोमवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत महिलाओं के खाते में राशि अंतरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 25 लाख महिला लाभुकों को 10000 रुपये प्रति लाभुक के दर से 2500 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर कमलों द्वारा रिमोट कंट्रोल के माध्यम से किया गया।

उक्त मुख्य समारोह कार्यक्रम का आयोजन पटना के एक अणे मार्ग से प्रसारित किया गया। योजना के इस कड़ी में आज दिनांक 16 फरवरी 2026 को पूर्णिया के कुल 1 लाख 32 हजार से अधिक लाभुकों के खाते में राशि हस्तांतरित की गई।

महानंदा सभागार में आयोजित लाइन प्रसारण कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी पूर्णिया अंशुल कुमार, उपविकास आयुक्त अंजनि कुमार,जिला परियोजना प्रबन्धक जीविका ओम प्रकाश मंडल तथा जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 170 दीदियाॅ एवं संबंधित पदाधिकारिगण उपस्थित थे.उक्त के अतिरिक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पूर्णिया जिले के सभी सामुदायिक संस्थानों में भी किया गया। जहां लाखों की संख्या में जीविका दीदियां इस कार्यक्रम को देखा और सुना ।

कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाधिकारी अंशुल कुमार द्वारा सभी दीदियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि आप सभी इस राशि का सदुपयोग कर अपना बेहतर व्यापार शुरू कीजिए।आगे सरकार आपको दो लाख रुपए की अतिरिक्त राशि और भी देगी लेकिन इसके लिए अपने रोजगार को बढ़ाना होगा।

