
चतरा, 05 फरवरी (सेंट्रल डेस्क) टंडवा प्रखंड क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयुष विभाग द्वारा संचालित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) गुरुवार को पूरे दिन बंद रहा। मुख्य दरवाजे पर ताला लटका रहा और आयुष चिकित्सक सहित कोई भी कर्मी परिसर में नजर नहीं आया। अचानक बंदी से इलाज की आस लेकर पहुंचे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीएएमओ डॉ रामप्रकाश वर्मा को केंद्र प्रभारी डॉ प्रिया कुमारी से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि केंद्र में अनुपस्थित रहने के एवज में नियमित रूप से नज़राना लिया जाता था। राशि बढ़ाए जाने पर केंद्र प्रभारी ने जांच एजेंसी से शिकायत की थी।

सूत्रों के अनुसार आयुर्वेदिक औषधालय अधिकांश दिनों में बंद ही रहता है और प्रतिनियुक्त डॉक्टर व कर्मी अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। घटना के बाद विभागीय कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।

