
पटना, 21 जनवरी (पटना डेस्क) अररिया जिले के नरपतगंज अंचल कार्यालय स्थित हल्का कचहरी में मंगलवार की शाम भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। विशेष निगरानी इकाई, पटना की टीम ने फरही पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी मोहम्मद इम्तियाज आलम को ₹15 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई से पूरे अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मियों में दहशत का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राजस्व कर्मचारी रामघाट वार्ड संख्या-14 निवासी किसान कमलेश्वरी यादव से जमीन परिमार्जन, यानी नाम और रकबा सुधार के एवज में लगातार अवैध राशि की मांग कर रहा था। पीड़ित किसान का आरोप है कि इससे पहले भी उसने कर्मचारी को रुपये दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उसका काम लंबित रखा गया। जब किसान ने दोबारा संपर्क किया तो आरोपी ने ₹20 हजार की अतिरिक्त रिश्वत की मांग कर दी।लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर किसान ने पटना जाकर विशेष निगरानी इकाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद निगरानी विभाग ने पूरी रणनीति के साथ जाल बिछाया।

तय योजना के तहत मंगलवार शाम जैसे ही मोहम्मद इम्तियाज आलम ने ₹15 हजार रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद निगरानी टीम ने उसे दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी से आवश्यक पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे पटना ले जाया गया। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप है और आम लोगों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भरोसा बढ़ा है।

