बक्सर, 18 नवम्बर (विक्रांत) आज युवा यादव महासभा के जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में नगर पंचायत चौसा के स्टेशन रोड पर रेजांग ला युद्ध स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम युवा यादव महासभा के बैनर तले संपन्न हुआ, जिसमें लद्दाख की बर्फीली ऊँचाइयों पर देश की रक्षा करते हुए परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह और उनके नेतृत्व में लड़ने वाले 120 वीर जवानों की अदम्य वीरता और शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

डॉ. मनोज यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 18 नवंबर 1962 को हुई रेजांग ला की लड़ाई भारतीय सेना के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। कठिन परिस्थितियों में हजारों चीनी सैनिकों के विरुद्ध लड़ते हुए मेजर शैतान सिंह और उनके साथी सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अद्वितीय साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि यह बलिदान केवल इतिहास नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है।
डॉ. यादव ने बताया कि इस अद्वितीय शहादत को स्मरण करने हेतु अहीर धाम का निर्माण किया गया है, जो नई पीढ़ी को देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा, “रेजांग ला के शूरवीरों का संदेश ‘पीछे हटना नहीं है’ आज भी हर भारतीय के हृदय में जोश और राष्ट्रप्रेम का संचार करता है।”
कार्यक्रम में जिले और क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें प्रमोद यादव, आकाश यादव, आदेश यादव, रामबचन यादव, रामनिवास यादव, विजय यादव, सियाराम यादव, विनोद यादव, सुनील यादव, रामलखन पाल, संजय यादव, विकास यादव, ब्रजबिहारी यादव, श्यामबिहारी यादव, सुदर्शन यादव, सुरेंद्र यादव, विवेक यादव, भोलू यादव, जितेंद्र यादव, सोनू यादव, रमेश यादव, राजकुमार सिंह, महेंद्र यादव, जयप्रकाश यादव, रामप्रवेश यादव, यदुनंदन यादव, रविंदर यादव, गोरख यादव, लाला यादव, रासबिहारी यादव और सिंहासन यादव शामिल थे।
कार्यक्रम का समापन वीर जवानों को श्रद्धांजलि और उनके अदम्य साहस को याद करते हुए हुआ।

