
बक्सर, 23दिसंबर (विक्रांत) जगजीवन राम स्टेडियम, खगौल, दानापुर में आयोजित ‘‘अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल शूटिंग प्रतियोगिता-2025’’ का समापन समारोह भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह में रेलवे सुरक्षा बल के आईजी सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री अमरेश कुमार, मंडल रेल प्रबंधक दानापुर श्री विनोद कुमार तथा वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री उदय सिंह पवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रतिभागियों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना की। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता का आयोजन 16 दिसंबर से बिहार रेजिमेंटल सेंटर में किया गया था, जिसमें भारतीय रेल के विभिन्न जोनों के शूटरों ने दमखम दिखाया।

बेस्ट शूटर (राइफल) का खिताब एएसआई अखिलेश सिंह, बेस्ट शूटर (पिस्टल) एएसआई संदीप सिंह व कांस्टेबल सचिन को संयुक्त रूप से मिला। बेस्ट शूटर (कार्बाइन) और ओवरऑल बेस्ट शूटर का खिताब कांस्टेबल राजेश यादव ने अपने नाम किया।टीम चैंपियनशिप में दक्षिण रेलवे ने 10 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि आरपीएसएफ उपविजेता रहा। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

