
बक्सर, 16 जनवरी (विक्रांत) रेल यात्रियों की सुविधा और तेज, सुरक्षित तथा आधुनिक सफर के सपने को साकार करते हुए पूर्व मध्य रेल के क्षेत्राधिकार से होकर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पांच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। इन ट्रेनों के परिचालन से बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी।

पहली ट्रेन गाड़ी संख्या 13065/13066 हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस है, जिसका उद्घाटन 18 जनवरी 2026 को संतरागाछी से आनंद विहार के लिए विशेष स्पेशल ट्रेन के रूप में किया जाएगा। यह ट्रेन धनबाद, गोमो, पारसनाथ, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू और बक्सर रेलखंड से गुजरते हुए आनंद विहार पहुंचेगी।दूसरी गाड़ी 22587/22588 सियालदह–बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस भी 18 जनवरी से संतरागाछी–बनारस उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी। यह ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, मधुपुर, जसीडीह, पटना और डीडीयू जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

तीसरी महत्वपूर्ण ट्रेन 11031/11032 पनवेल–अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस है, जिसका उद्घाटन 17 जनवरी को सिलीगुड़ी से पनवेल के लिए होगा। यह ट्रेन कटिहार, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर और डीडीयू होकर गुजरेगी, जिससे बक्सर के यात्रियों को बड़ी सौगात मिलेगी।चौथी ट्रेन 15949/15950 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस 18 जनवरी से शुरू होगी, जबकि पांचवीं 15671/15672 कामाख्या–रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस भी इसी दिन उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी।रेल प्रशासन के अनुसार, अमृत भारत ट्रेनों में आधुनिक कोच, बेहतर सुरक्षा, आरामदायक सीटें और यात्री सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इन ट्रेनों के शुरू होने से न केवल लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी नई गति मिलेगी।

