समस्तीपुर, 17 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) रोसड़ा बाजार इन दिनों जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। सुबह से लेकर शाम तक बाजार की मुख्य सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे स्थानीय लोगों और दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोग भारी परेशानी झेलते हैं। अनुमंडल कार्यालय, न्यायालय, अस्पताल, बैंक और मार्केट जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं के कारण रोज बड़ी संख्या में लोग रोसड़ा आते हैं, परंतु जाम उनकी दिनचर्या बाधित करता है।

सबसे अधिक परेशानी गांधी चौक स्थित रेलवे गुमटी पर होती है। यहां ओवरब्रिज नहीं होने के कारण ट्रेन गुजरते ही फाटक बंद हो जाता है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार आपातकालीन स्थिति में भी लोग फाटक खुलने का इंतजार करते हैं, जिससे गंभीर मरीजों का समय पर इलाज संभव नहीं हो पाता।

बाजार में जाम बढ़ने का एक बड़ा कारण दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण और वाहनों की अनियमित पार्किंग है। सिनेमा चौक पर ऑटो और अन्य वाहनों का दिनभर खड़ा रहना भी जाम का प्रमुख कारण बना हुआ है।
स्थानीय लोग वर्षों से बाईपास सड़क निर्माण और रेलवे गुमटी पर ओवरब्रिज की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक इन परियोजनाओं पर काम शुरू नहीं होगा, जाम से राहत मिलना मुश्किल है और रोसड़ा की यातायात समस्या जस की तस बनी रहेगी।

