समस्तीपुर, 15 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) रोसड़ा थाना क्षेत्र के डाक बंगला चौक स्थित न्यू बस स्टैंड के सामने संचालित झूना मेडिकल हाल में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस वारदात से इलाके के दुकानदारों में दहशत फैल गई है और पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

दुकान मालिक दिनेश झा, जो कलवाड़ा गांव निवासी योगेंद्र झा के पुत्र हैं, ने बताया कि वे रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह दुकान खोलने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर की अलमारी व काउंटर अस्तव्यस्त थे। चोरों ने दुकान में रखी महंगी दवाइयाँ और नगद सहित लगभग 35-36 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया।
दिनेश ने रोसड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों की गिरफ्तारी और जल्द जांच की मांग की है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है और पुलिस को रात्रि गश्ती को और मजबूत करने की जरूरत है।

