समस्तीपुर, 17 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) रोसड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार की रात गश्ती के दौरान शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। थाना क्षेत्र के गांधी चौक के पास पुलिस टीम को एक संदिग्ध बैग मिला, जिसकी जांच में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस की मौजूदगी भांपते ही तस्कर बैग छोड़कर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक युवक तेज़ी से बैग लेकर गुजर रहा था, तभी गश्ती वाहन को आता देख वह घबराया और बैग सड़क किनारे फेंककर भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने बैग की तलाशी ली, जिसमें 180 एमएल की 120 फ्रूटी पैक अंग्रेजी शराब और 180 एमएल की 12 बोतलें मिलीं। कुल मिलाकर 23.76 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।
नगर इंस्पेक्टर-सह-थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से मामला शराब तस्करी का प्रतीत हो रहा है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी की पहचान के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बैग छोड़कर भागने वाले युवक की पहचान की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि रोसड़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है, और पुलिस ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। स्थानीय लोगों ने गश्ती टीम की तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि पुलिस की निरंतर कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगेगी।

