लखनऊ, 26 नवम्बर (लखनऊ डेस्क) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में सोमवार आधी रात एक भयावह सड़क दुर्घटना में पाँच लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक को गंभीर अवस्था में बचा लिया गया। देर रात हुए इस हादसे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर शारदा सायफन में जा गिरी।

घटना पढ़ुआ थाना क्षेत्र के गिरजापुरी बैराज से पहले स्थित शारदा सायफन के पास रात लगभग 12 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, लखीमपुर से शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रही एक ऑल्टो कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे सायफन में गिर गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पढ़ुआ थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतकों में जितेंद्र पुत्र विपिन बिहारी, घनश्याम पुत्र बल्लू (दोनों निवासी घाघरा बैराज), लालजी पुत्र मेवा लाल निवासी सीशियन पुरवा, अजीमुल्ला निवासी गिरजापुरी और सुरेंद्र पुत्र विशुसोखा निवासी रामवृक्ष पुरवा, थाना सुजौली, जिला बहराइच शामिल हैं। सभी लोग बहराइच की ओर लौट रहे थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ और हादसा हो गया।
सूचना पर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। चालक बबलू पुत्र राजेश निवासी गिरजापुरी को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार हेतु भेजा गया। वहीं, पाँचों शवों को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए लखीमपुर भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

