समस्तीपुर, 18 दिसम्बर (राजेश झा) वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में वृहस्पतिवार को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने छात्राओं को जीवन सुरक्षा का अहम पाठ पढ़ाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार कर्ण ने की, जबकि संचालन होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के ईस्ट जोन प्रशिक्षक विशाल मालवीय ने किया।

आयोजन का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रिंकी कुमारी ने किया।प्रशिक्षक विशाल मालवीय ने सड़क पर चलते समय सावधानियों, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के खतरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि छोटी-सी चूक कैसे गंभीर दुर्घटना और जानलेवा साबित हो सकती है।प्रभारी प्रधानाचार्य ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन रक्षा का विषय है। युवाओं में जागरूकता पैदा करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे। अंत में डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे।

