
पटना, 02 जनवरी (पटना डेस्क) राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के नए बंगले को लेकर विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। जनता दल यूनाइटेड द्वारा संपत्तियों की जांच की मांग के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तीखा बयान दिया है।विजय सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि यदि इस संबंध में औपचारिक आवेदन प्राप्त होता है, तो विभाग पूरी गंभीरता से जांच करेगा।

उन्होंने कहा कि बिहार में भूमि माफिया और अवैध सौदों के खिलाफ कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं रहेगी।जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है सबका सम्मान और जीवन आसान। जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से यदि किसी नागरिक या दल द्वारा सबूत के साथ आवेदन दिया जाता है, तो लालू यादव की जमीन और निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी।विवाद की शुरुआत जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने पटना के कौटिल्य नगर में बन रहे आवास को लेकर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि सादगी का दावा करने वाले नेता आज पॉश इलाके में महल खड़े कर रहे हैं।नीरज कुमार ने जमीन के मालिकाना हक, निर्माण सामग्री और आय के स्रोतों की गहन जांच की मांग की। दूसरी ओर, विजय सिन्हा के सख्त रवैये से विभाग में हड़कंप है और उन्होंने चेतावनी दी कि भूमि माफिया से मिलीभगत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

