
समस्तीपुर, 12 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) भाकपा माले का शाहपुर बघौनी शाखा सम्मेलन सोमवार को वार्ड संख्या 11 में पूरे जोश के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रखंड कमिटी सदस्य मो. एजाज ने की, जबकि जिला कमिटी सदस्य आसिफ होदा पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए।

सम्मेलन में सर्वसम्मति से नौशाद तौहीदी को शाखा सचिव चुने जाने की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।सम्मेलन के बाद नई शाखा कमिटी को संबोधित करते हुए प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि भाकपा माले संघर्ष और आंदोलन की पार्टी है, जिसने पीड़ितों को न्याय दिलाने, मौलिक अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि ताजपुर में संगठन को और मजबूत कर न्याय आंदोलन को तेज किया जाएगा।सम्मेलन में पुलिस द्वारा थर्ड डिग्री टॉर्चर और अंचल के घूसखोर राजस्व कर्मचारी रॉबिन ज्योति पर कार्रवाई की मांग उठी। 24 जनवरी को मुख्यमंत्री के कर्पूरीग्राम आगमन पर आंदोलन का फैसला लिया गया। जिला कमिटी सदस्य आसिफ होदा ने मधेपुरा के हिना प्रवीन बलात्कार-हत्याकांड की निंदा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

