
नई दिल्ली, 29 दिसम्बर (सेंट्रल डेस्क) राजधानी दिल्ली के वीआईपी लुटियंस जोन में सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। नितिन नबीन को सुनहरी बाग रोड पर 9 नंबर का सरकारी बंगला आवंटित किया गया है, जबकि इसी सड़क पर 5 सुनहरी बाग रोड पर राहुल गांधी का आवास स्थित है।

ऐसे में देश की दो सबसे बड़ी राजनीतिक धाराओं के दिग्गज नेता अब आमने-सामने पड़ोसी होंगे।नितिन नबीन को मिला यह आवास टाइप-8 कैटेगरी का है, जो करीब 9,175 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। यह इलाका नई दिल्ली का बेहद सुरक्षित और प्रतिष्ठित क्षेत्र माना जाता है, जहां देश के शीर्ष नेता, केंद्रीय मंत्री और संवैधानिक पदों पर बैठे लोग रहते हैं। इसी क्षेत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सरकारी आवास 6 कृष्णा मेनन मार्ग भी मौजूद है।

जानकारी के अनुसार टाइप-VIII श्रेणी के बंगलों को केंद्र सरकार के सबसे बड़े और विशिष्ट सरकारी आवासों में गिना जाता है। आमतौर पर ऐसे बंगले कैबिनेट मंत्रियों, सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों तथा शीर्ष स्तर के अधिकारियों को दिए जाते हैं। इस बंगले में मुख्य आवास के अलावा छह से अधिक स्टाफ क्वार्टर, गार्ड रूम, गैरेज, ऑफिस स्पेस और फ्रिस्किंग रूम की व्यवस्था है।बंगले के भीतर बड़े ड्राइंग और डाइनिंग हॉल, कई बेडरूम, लिविंग रूम, स्टडी रूम और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। बाहर विशाल लॉन, बगीचे और चौड़ा ड्राइववे इसे एक प्रशासनिक-आवासीय परिसर का रूप देते हैं। राहुल गांधी के पड़ोस में नितिन नबीन का नया ठिकाना सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है।

