नई दिल्ली, 04 दिसम्बर (सेंट्रल डेस्क) पानीपत पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जिसकी करतूतें सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। 32 वर्षीय पूनम, जिसे लोग अब “लेडी साइको किलर” कह रहे हैं, ने पिछले 2 साल 11 माह में चार मासूम बच्चों की हत्या करने की सनसनीखेज वारदातें कबूल ली हैं। आरोप है कि उसने तीन भतीजियों और अपने ही बेटे को पानी में डुबोकर मार डाला।

पुलिस के अनुसार पूनम को सुंदर बच्चियों से गहरी नफरत थी और इसी बीमारी ने उसे खून की इस हौलनाक राह पर धकेल दिया। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी महिला हरियाणा के गोहाना स्थित भावड़ गांव के किसान नवीन की पत्नी है और एमए (राजनीति शास्त्र) तक पढ़ी है। 1 दिसंबर को पूरा परिवार पानीपत के नैल्था गांव में सतपाल के बेटे अमन की शादी में आया था। शादी में नवीन के दूर के रिश्तेदार संदीप अपनी छह वर्षीय बेटी विधि और पिता पाल सिंह के साथ पहुंचे थे।रात में जब महिलाएं बरात विदा करने गईं, तभी पूनम और विधि एक साथ गायब हुईं। कुछ देर बाद जब तलाश शुरू हुई तो विधि का शव ऊपर की मंजिल के स्टोर में एक फीट गहरे टब में मिला। टब के आकार, बच्ची के हाथ-पैर बाहर होने और कमरे की कुंडी बाहर से लगी होने ने हत्या की आशंका और गहरा दी। दादा पाल सिंह, जो सेवानिवृत्त उप निरीक्षक हैं, ने तुरंत पुलिस को बुलाया।फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी तो पता चला कि पूनम की साड़ी उस समय भीगी हुई थी। शादी के वीडियो और महिलाओं के बयानों ने पुलिस का शक पक्का कर दिया। पूछताछ में पूनम ने पहले गोलमोल जवाब दिए, लेकिन सख्ती से पूछताछ पर चारों हत्याएं स्वीकार कर ली। पानीपत में इस दिल दहलाने वाली वारदात ने दहशत फैला दी है। पुलिस अब मामले की मानसिक और आपराधिक दोनों कोणों से जांच कर रही है।

