वाराणसी (सेंट्रल डेस्क) 19 अगस्त, 2025 भारतीय रेल द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव को स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 16 अगस्त से 31 अक्टूबर ढाई महीने तक चलने वाली स्वच्छता पखवाड़ा के द्वितीय चरण के चौथे दिन विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री अभिषेक राय के नेतृत्व में यह अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया गया।
इस अभियान के तहत वाराणसी मंडल के प्रमुख स्टेशनों जैसे आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ और प्रयागराज रामबाग में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। स्टेशनों पर कार्यरत स्वास्थ्य निरीक्षकों, संविदा कर्मचारियों और रेलवे स्टाफ ने मिलकर पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से जनजागरूकता रैली निकाली। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों के ज़रिए यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसरों में गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए अलग-अलग कूड़ेदानों की व्यवस्था की गई। यात्रियों को मार्गदर्शन देने हेतु कूड़ेदानों के पास विशेष सूचना बोर्ड भी लगाए गए। इसके अतिरिक्त, रेलवे ट्रैकों की गहन सफाई कराई गई, जिसमें स्थानीय शहरी निकायों का सहयोग भी प्राप्त हुआ। रेलवे ट्रैक के किनारों से कचरा हटाया गया और साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।

रेलवे कॉलोनियों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में भी व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। जहाँ आवश्यकता थी, वहाँ कूड़ेदानों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई, ताकि आवासीय क्षेत्रों की सफाई में कोई कमी न रहे।
इस स्वच्छता अभियान के अंतर्गत यात्रियों को भी शामिल करते हुए पीए सिस्टम के माध्यम से स्टेशनों और ट्रेनों में घोषणाएं की गईं। यात्रियों से स्टेशन परिसर को साफ रखने और प्लास्टिक के उपयोग को सीमित करने की अपील की गई। स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत और आओ, भारतीय रेल को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाएँ जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया गया।

स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित न रहकर, एक दीर्घकालिक स्वच्छता संस्कृति को विकसित करना है। रेलवे प्रशासन का यह प्रयास न केवल स्टेशन परिसर की स्वच्छता को बेहतर बनाएगा, बल्कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक और उत्तरदायी बनाएगा।

रेलवे प्रशासन ने इस पहल को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया है ताकि भारतीय रेल न केवल यात्रा का एक माध्यम हो, बल्कि स्वच्छ भारत अभियान का सशक्त वाहक भी बन सके।

